Please Visit Our Website

Please Visit Our Website
Please Visit Our Website

Friday, October 10, 2014

उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग

आजमगढ़ : निषाद समाज के प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में निषाद समाज का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को जिलाधिकारी रणवीर प्रसाद से मिला और बरदह के खमौली कांड के मामले में उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग की। इसके बाद उन्हें अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। निषाद समाज के लोगों का कहना है कि बीते चार अक्टूबर को मूर्ति विसर्जन को लेकर हुई घटना से निषाद, बिंद समाज के लोग काफी मर्माहत है। पुलिस की डर से गांव के लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं। एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद किसी प्रशासनिक अधिकारी द्वारा जांच पड़ताल नहीं किया गया। इससे बेटी, बहू, मां व बूढ़े पिता तथा पशु भूखे रहने को विवश हैं। ऐसे हालात में लोगों का जीना दूभर हो गया है। इस घटना में जो भी उपद्रवी तत्व हैं उनके खिलाफ कार्रवाई न होकर निर्दोष लोगों को बेवजह संगीन धाराओं में फंसाया गया है। इसमें 250 लोगों को विभिन्न धाराओं में निरुद्ध किया गया है। ज्ञापन देने वालों में राजेन्द्र प्रसाद निषाद, लुरखुर निषाद, लालमुनि निषाद, जिलाजीत निषाद, सुभाष निषाद, ओमप्राश निषाद ,राजाराम निषाद, रामसमुझ निषाद, राजेन्द्र निषाद, हनुमान निषाद, गांधी निषाद आदि शामिल थे।

Friday, August 22, 2014

बाढ़ पीड़ितों में वितरित किया मिट्टी का तेल व खाद्यान्न

आजमगढ़ : जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला पूर्ति विभाग की टीम घाघरा के बाढ़ पीड़ितों के राहत कार्य में जुट गई है। बाढ़ पीड़ितों में शुक्रवार को जिला पूर्ति विभाग की टीम ने मिट्टी का तेल व खाद्यान्न का वितरण किया। इसी के साथ राहत देने का कार्य भी शुरू हो गया है। जिला पूर्ति अधिकारी गौरीशंकर शुक्ला ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों को हर संभव सहायता मुहैया कराई जाएगी। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बरतने वाले कोटेदार व विभागीय कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी श्री शुक्ला के नेतृत्व वाली टीम शुक्रवार को हरैया व महराजगंज विकास खंड के घाघरा प्रभावित परिवारों में मिट्टी का तेल, लंच पैकेट, चना, गुड़, लाई का वितरण कराया गया। पूर्ति निरीक्षकों व विपणन निरीक्षकों की संयुक्त टीम के देखरेख में सहदेवगंज, शिवपुर, हाजीपुर आदि बाढ़ चौकियों पर राहत पहुंचाया जा रहा है। इसके अलावा लंच पैकेट पूड़ी व सब्जी बनवाकर राजस्व कर्मियों को वितरित करने के लिए दिया जा रहा है। गुणवत्ता की मानीटरिंग क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी मनोज कुमार सिंह को दी गई है। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों को राहत कार्य युद्धस्तर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रतिदिन लंच पैकेट बनवा कर बाढ़ पीड़ितों को नाव के माध्यम से भेजा जाएगा। जिनके पास राशन कार्ड है या नहीं है, सभी को एक साथ राहत कार्य उपलब्ध कराया जा रहा है। अलग-अलग नावों पर लादकर सामग्री बाढ़ पीड़ितों तक पहुंचाई जा रही है। डीएसओ श्री शुक्ला ने कहा कि जिलाधिकारी रणवीर कुमार का सख्त निर्देश है कि बाढ़ पीड़ितों में हर संभव सहायता उपलब्ध होनी चाहिए। ऐसे में विभागीय लोगों को इसके लिए सचेत कर दिया गया है। कोटेदार भी आगे आए जीयनपुर : सगड़ी तहसील क्षेत्र के पीड़ितों की मदद के लिए अजमतगढ़ ब्लाक के कोटेदार भी मदद के लिए आगे आ गए हैं। कोटेदारों ने दस कुंतल भूना चना व तीन कुतंल लाई पीड़ित परिवार में वितरित किया। यही नहीं क्षेत्र के कुमुंद सिंह महिला विद्यालय के प्रबंधक संतोष सिंह व सेंट जेवियस जीयनपुर के प्रबंधक ने भोजन का पैकेट वितरित किया।

पशुपालक को साठ हजार रुपये देने का निर्देश

आजमगढ़ : खेत में चर रही भैंस के करेंट से मृत्यु हो जाने पर स्थायी लोक अदालत ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम को आदेश दिया है कि वह भैंस मालिक को साठ हजार रुपये नौ प्रतिशत ब्याज के साथ तीन महीने के अंदर अदा करे। पीड़ित कुमार किशोर निवासी ममरखापुर थाना सिधारी ने अपने अधिवक्ता संजय कुमार सिंह के माध्यम से प्रार्थना पत्र दिया। कुमार की एक जुलाई 2011 की शाम लगभग पांच बजे गांव के महेन्द्र तिवारी के खेत में गर्भवती भैंस चर रही थी, तभी वहीं विद्युत खंभे में लगे स्टे वायर की चपेट में आ गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डाक्टर ने भी मृत्यु का कारण विद्युत स्पर्शाघात माना। पीड़ित कुमार ने विद्युत विभाग में शिकायत की लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। तब पीड़ित ने अदालत की शरण ली। कोर्ट में दिए गए जवाब में विद्युत सुरक्षा विभाग ने कहा कि विभागीय जांच में यह पाया गया कि भैंस की मृत्यु लापरवाही के चलते हुई है। लेकिन इससे संबंधित क्षतिपूर्ति निर्धारण एवं भुगतान का काम पूर्वाचल विद्युतीकरण निगम लिमिटेड का है। दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने के पश्चात स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष प्रेम बहादुर व दो सदस्यों राजकुमार सिंह व अशोक सिंह ने माना कि भैंस की मृत्यु बिजली विभाग की लापरवाही से हुई है।

Thursday, August 21, 2014

अगली बार खत्म हो जाएगी बाढ़ की समस्या

लाटघाट। प्रदेश के सिंचाई और लोकनिर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि आने वाले समय में जिले से बाढ़ की समस्या पूरी तरह से खत्म हो जाएगी। बाढ़ खंड के 19 करोड़ के प्रोजेक्ट पर अमल किया जाएगा। जो प्रोजेक्ट पास हो गए उसमें धन की कमी नहीं आएगी। जो प्रोजेक्ट बचे हैं उस पर जल्द मुहर लगेगी। बाढ़ में फंसे ग्रामीणों को हर मुमकिन मदद दी जाएगी। इसके लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने ये बातें डिघिया बंधे के निरीक्षण के बाद वहां मौजूद पत्रकारों से कहीं। इसके पूर्व उन्होंने करीब 20 मिनट तक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण किया फिर अधिकारियों के साथ बैठक की। शाम सवा तीन बजे उनका काफिला डिघिया नाले पर पहुंचा। यहां कटान वाले क्षेत्रों का निरीक्षण के बाद उन्होंने अधिकारियों को कई दिशा निर्देश दिए। वहां मौजूद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जिले में पिचिंग कार्य के लिए 7.74 करोड़ की स्वीकृति दे दी गई। बाढ़ खत्म होते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मऊ जिले में एक किमी लंबी पिचिंग कार्य के लिए प्रस्तावित 12 करोड़ के प्रोजेक्ट पर भी जल्द ही मुहर लगेगी। 15 करोड़ रुपये से ऊपर के प्रोजेक्ट के लिए केंद्र से मदद ली जाती है। लेकिन केंद्र सरकार मदद नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जिले में बाढ़ की समस्या न हो इसका पुख्ता इंतजाम किया जा रहा है। कटान रोकने के लिए जो भी आवश्यकता होगी उसकी पूर्ति की जाएगी। अधिकारी धन को लेकर परेशान न हो। ग्रामीणों ने डिघिया नाले पर ठोकर की मांग की। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी मांगे पूरी होगी। कहा कि धन की बंदरबांट करने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। शिवपाल सिंह यादव के साथ कैबिनेट मंत्री अंबिका चौधरी, कारागार मंत्री बलराम यादव, अभय नारायन पटेल, सूर्य नाथ यादव, राम बुझारत यादव, गुड्डू यादव, बृज बिहारी पांडेय, अशोक कुमार आदि रहे।

Tuesday, August 19, 2014

50 गांवों में घुसा बाढ़ का पानी

लाटघाट। घाघरा नदी का जलस्तर दिन ब दिन बढ़ता जा रहा है। रविवार को बनवसवा और शारदा बैराज से दो लाख 65 हजार क्यूशेक पानी छोड़े जाने से समस्या ने विकराल रुप ले लिया है। कटान की समस्या तो कम हुई है, लेकिन नदी का जलस्तर बढ़ने से खतरा बढ़ गया है। जलस्तर बढ़ने से लगभग 50 गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है जबकि चक्की गांव पानी से घिर गया है। ऐहतियात के तौर पर संबंधित गांवों की बिजली आपूर्ति ठप कर दी गई है। ऐसे में ग्रामीण िढबरी के सहारे रात गुजारने को विवश हैं। प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्था नाकाफी है। सगड़ी तहसील के महुला गढ़वल बांध के उत्तर बहने वाली घाघरा नदी का बढ़ाव जारी है। रविवार को बदरहुआ में 72.01 सेमी और डिघिया में 71.17 सेमी जलस्तर रिकार्ड किया गया। शनिवार को बदरहुआ में 71.90 सेमी और डिघिया नाले पर 71.04 सेमी जलस्तर रिकार्ड किया गया था। बदरहुआ का जलस्तर करीब 11 सेमी बढ़ा है जबकि डिघिया का जलस्तर 13 सेमी बढ़ा है। जलस्तर बढ़ने से कटान थमा है। घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ने से चक्की गांव पानी से घिर गया है। इससे ग्रामीणों के समक्ष संकट की स्थिति पैदा हो गई है। इसके अलावा करीब 50 गांवों में पानी घुस गया है। इनमें इस्माइलपुर, रोशनगंज, झनझनपुर, मानिकपुर, हाजीपुर, शाहडीह, भदौरा तालुकानैनी, बूढ़न पट्टी, अजगरा मसरखी, सोनौरा, सराज चौहान, मानिकपुर, देवाराखास राजा के 30 पुरवा खास आदि गांव शामिल हैं। ग्रामीणों के साथ ही पशुओं को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। उनके चारे की दिक्कत हो गई है। ग्रामीण किसी तरह से बाढ़ के पानी में घुसकर चारे का इंतजाम कर रहे हैं। बाढ़ के कारण क्षेत्र के 18 से 20 परिषदीय स्कूल बंद हो गए हैं। बाढ़ प्रभावित गांवों में कुल 37 नाव लगाए गए हैं। तहसीलदार मधूसूदन आर्य ने बताया कि घाघरा का जलस्तर बढ़ा है। करीब 20 गांवों में पानी घुसा है।

बदमाशों ने युवक को मारी गोली , रेफर

  आजमगढ़ : शहर कोतवाली क्षेत्र के बद्दोपुर गाव के मोड़ के पास मंगलवार की भोर में बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहा चिकित्सक ने हालत गंभीर देख वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। घटनास्थल पर बदमाशों ने दो माह पूर्व हुए घायल युवक के पिता के ऊपर भी जानलेवा हमला किया था। बद्दोपुर गाव निवासी गुड्डू यादव ने गाव के मोड़ पर गंट्टी बालू की अड्डी खोला है। बीते दो माह पूर्व अड्डी के पास बदमाशों ने उसे गोली मार दिया था। अभी उक्त घटना को लोग भूले भी नहीं थे कि मंगलवार की भोर में करीब चार बजे गुड्डू यादव का पुत्र अनिल (20) अड्डी पर पहुंचा और हैंडपंप पर हाथ-पैर धुल रहा था। उसी दौरान बाइक सवार बदमाश पहुंचे और लक्ष्य कर गोली मार दी। गोली लगने के बाद अनिल गिर पड़ा। वहीं बदमाश अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। सड़क पर टहल रहे लोग गोली की आवाज सुन मौके पर पहुंचे और घायल अनिल को अस्पताल ले गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनक्रम की जानकारी लेने में जुट गई वहीं पिता-पुत्र के ऊपर हुए हमले को लेकर लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे थे।

देश भर में आरटीओ बन्द हो सकते हैं..

नई दिल्ली। एक और बड़ा फैसले लेते हुए केंद्र सरकार देशभर के आरटीओ बंद करने पर विचार कर रही है। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि देश के अधिकांश आरटीओ दफ्तरों में कोई काम नहीं होता। वहां भ्रष्टाचार फैला हुआ है। इसे बंद करके सरकार नया कानून लाएगी। जिसे संसद के अगले सत्र में पारित कराया जाएगा। नया कानून छह देशों अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा सिंगापुर, जापान और जर्मनी में लागू मोटर वैकिल एक्‍ट के अनुरूप होगा।

गडकरी ने कहा कि आरटीओ में सिर्फ पैसे का खेल चलता है यहां कोई काम नहीं होता। उन्‍होंने कहा कि कोई ट्रैफिक सिग्नल तोड़ता है तो उस पर कार्रवाई का काम आरटीओ का है, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है।

पुणे में गडकरी ने कहा कि आरटीओ बंद कर एक नई ऑनलाइन व्यवस्था शुरू करने की तैयारी की जा रही है। सरकार चाहती है कि कोई सिग्नल तोड़ता है तो ऑनलाइन व्यवस्था के तहत उसके घर चालान पहुंचा कर जुर्माना वसूला जाए