लाटघाट। प्रदेश के सिंचाई और लोकनिर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि आने वाले समय में जिले से बाढ़ की समस्या पूरी तरह से खत्म हो जाएगी। बाढ़ खंड के 19 करोड़ के प्रोजेक्ट पर अमल किया जाएगा। जो प्रोजेक्ट पास हो गए उसमें धन की कमी नहीं आएगी। जो प्रोजेक्ट बचे हैं उस पर जल्द मुहर लगेगी। बाढ़ में फंसे ग्रामीणों को हर मुमकिन मदद दी जाएगी। इसके लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने ये बातें डिघिया बंधे के निरीक्षण के बाद वहां मौजूद पत्रकारों से कहीं। इसके पूर्व उन्होंने करीब 20 मिनट तक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण किया फिर अधिकारियों के साथ बैठक की। शाम सवा तीन बजे उनका काफिला डिघिया नाले पर पहुंचा। यहां कटान वाले क्षेत्रों का निरीक्षण के बाद उन्होंने अधिकारियों को कई दिशा निर्देश दिए। वहां मौजूद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जिले में पिचिंग कार्य के लिए 7.74 करोड़ की स्वीकृति दे दी गई। बाढ़ खत्म होते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मऊ जिले में एक किमी लंबी पिचिंग कार्य के लिए प्रस्तावित 12 करोड़ के प्रोजेक्ट पर भी जल्द ही मुहर लगेगी। 15 करोड़ रुपये से ऊपर के प्रोजेक्ट के लिए केंद्र से मदद ली जाती है। लेकिन केंद्र सरकार मदद नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जिले में बाढ़ की समस्या न हो इसका पुख्ता इंतजाम किया जा रहा है। कटान रोकने के लिए जो भी आवश्यकता होगी उसकी पूर्ति की जाएगी। अधिकारी धन को लेकर परेशान न हो। ग्रामीणों ने डिघिया नाले पर ठोकर की मांग की। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी मांगे पूरी होगी। कहा कि धन की बंदरबांट करने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। शिवपाल सिंह यादव के साथ कैबिनेट मंत्री अंबिका चौधरी, कारागार मंत्री बलराम यादव, अभय नारायन पटेल, सूर्य नाथ यादव, राम बुझारत यादव, गुड्डू यादव, बृज बिहारी पांडेय, अशोक कुमार आदि रहे।
No comments:
Post a Comment